May 5, 2024

बिहार में विधायक पर लगा पत्रकार की हत्या का आरोप, परिजनों ने जमकर किया हंगामा

Patna/Alive News : बिहार सरकार की मंत्री और धमदाहा विधायक लेसी सिंह की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पत्रकार की हत्या का आरोप मंत्री लेसी सिंह पर लगा है। मामले को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार लेसी का नाम आते ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी सत्ताधारी दल जदयू पर हमलावर है। विश्वजीत सिंह उर्फ रिंटू सिंह के परिजनों ने शनिवार को सरसी थाना के पास शव रखकर प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार विश्वजीत सिंह जिला परिषद् सदस्य अनुलिका सिंह के पति थे और खुद भी जिला परिषद् सदस्य रह चुके थे और राजनीति में सक्रिय थे। इधर नाराज लोगों को शांत कराने पहुंचे एसपी दयाशंकर को भी विरोध का सामना करना पड़ा। घटना के बाद सरसी थानाध्यक्ष नरेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है।

मृतक के पिता मनोज सिंह, पत्नी अनुलिका सिंह और मां ने साजिश के तहत हत्या और पुलिस पर मामले को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया है। पत्नी अनुलिका का आरोप है कि पति रिंटू सिंह खुद धमदाहा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे थे। क्षेत्र में स्थिति मजबूत होने के कारण यह बात विरोधियों को नहीं पची और साजिश के तहत हत्या करा दिया गया। इसमें मंत्री लेसी सिंह व उनके लोग शामिल हैं।