March 7, 2026

फरीदाबाद और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 2900 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद, डॉक्टर गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लगभग 2900 किलोग्राम विस्फोटक और ज्वलनशील पदार्थ बरामद किए हैं।

यह कार्रवाई अल-फलहा अस्पताल, धौज में कार्यरत डॉक्टर मुजामिल की गिरफ्तारी के बाद की गई पूछताछ के आधार पर की गई।पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अक्टूबर महीने में कश्मीर के नौगाम क्षेत्र में कुछ राष्ट्रविरोधी तत्वों ने एक प्रतिबंधित संगठन से जुड़े पोस्टर लगाए थे।

इस मामले की जांच के दौरान डॉक्टर मुजामिल की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद नौगाम थाना पुलिस ने फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा की मदद से अक्टूबर के अंत में डॉक्टर मुजामिल को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के आधार पर 8 नवंबर को पुलिस ने संयुक्त अभियान में एक क्रिनकॉव असॉल्ट राइफल, 3 मैगजीन, 83 जिंदा कारतूस, एक पिस्टल, 8 कारतूस और 2 मैगजीन बरामद कीं।इसके बाद, 9 नवंबर को गांव धौज से फतेहपुर तगा रोड पर बने एक कमरे से लगभग 358 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री मिली, जिसमें अमोनिया, नाइट्रेट, रसायन, सर्किट, बैटरी, वायर, टाइमर, रिमोट कंट्रोल और मेटल शीट जैसी चीजें शामिल थीं।

आज, 10 नवंबर को हुई आगे की कार्रवाई में गांव फतेहपुर तगा की डहर कॉलोनी से पुलिस ने लगभग 2563 किलोग्राम और विस्फोटक पदार्थ बरामद किया।

इस तरह अब तक फरीदाबाद और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने कुल लगभग 2900 किलोग्राम विस्फोटक और ज्वलनशील सामग्री बरामद की है। पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।