June 6, 2026

शहर के बस स्टॉप पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण की मार, दैनिक यात्री परेशान

Gungun Sharma/Alive News

अजरौंदा चौक पर बस स्टॉप के सामने वाहनों की अवैध पार्किंग से बस स्टॉप दिखाई नहीं दे रहा है। जिससे दैनिक यात्रियों को बस लेने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अकेले अजरौंदा चौक के बस स्टॉप पर ही नहीं बल्कि शहर के अधिकतर बस स्टॉप पर या तो कब्जे हो चुके है या फिर अतिक्रमण की वजह से बस स्टॉप दिखाई नहीं दे रहे है और कुछ रही सही कसर स्टैंड के सामने वाहनों की अवैध पार्किंग ने पूरी कर दी है।

अजरौंदा चौक बस स्टॉप के सामने एम्बुलेंस और भारी वाहनों की अवैध पार्किंग रहती है। जिस कारण यात्रियों को बस स्टॉप दिखाई नहीं देते है और वह बस स्टॉप से दूर नीलम रेलवे पुल के पास ही उतरते है और वही से निश्चित स्थान पर जाने के लिए बस लेते है। बस चालक भी अपनी मनमर्जी से बस रोकते हैं। जहां सवारी दिखती है, वहीं बस रोक दी जाती है, जिससे तय स्टॉप का महत्व ही खत्म हो गया है। जिस कारण लोग बस स्टॉप जाते ही नही है।

यह समस्या केवल अजरौंदा चौक बस स्टॉप तक ही सीमित नहीं है। शहर के अधिकतर बस स्टॉप पर अतिक्रमण और अवैध कब्जे की वजह से हालात खराब हैं। कई जगह स्टॉप के आसपास दुकानदारों और वाहन चालकों ने स्थायी कब्जा जमा लिया है, जिससे यात्रियों के लिए बस स्टॉप की पहचान करना भी मुश्किल हो गया है। बीके बस स्टॉप की स्थिति भी कुछ अलग नहीं है। यहां रेहड़ी और टपरी वालों ने स्टॉप के आसपास का पूरा क्षेत्र घेर रखा है। लोग रेहड़ी वालों से खाने पीने का सामान खरीदकर वहीं बस स्टॉप पर बैठकर खाने लगते हैं, जिससे बस का इंतजार करने वाले यात्रियों के बैठने तक की जगह नहीं बचती।

क्या कहना है एसडीओ का 

जहां – जहां बस स्टॉप पर अवैध अतिक्रमण और कब्जे हुए है उन्हें जल्द ही हटवा दिया जाएगा। लोगों को भी ध्यान रखना चाहिए कि यह सरकारी संपत्ति है और नागरिकों के लिए बनाई गई है।

–  सुरेंद्र सिंह हुड्डा, एसडीओ नगर निगम