April 28, 2024

आप सोशल मीडिया पर अधिक समय बिताते है तो पढ़िए खबर

Health/Alive News: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कदम रखते ही व्यक्ति उसकी गिरफ्त में चला जाता है। हर नोटिफिकेशन पर मोबाइल चेक करने की आदत न केवल वर्क प्रोडक्टिविटी और क्वालिटी को खराब कम रही है, बल्कि इससे मेंटल हेल्थ को भी नुकसान पहुंच रहा है। दिन भर सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने से रिश्तों में टकराव और मनोबल खोने जैसी समस्याओं से जूझना पड़ता है, जो आपके निजी जीवन को खासतौर से प्रभावित करता है। जानते हैं सोशल मीडिया किस प्रकार से आपकी मेंटल हेल्थ को करने लगता है प्रभावित।

सोशल मीडिया एरा में व्यक्ति वास्तविकता से दूर अरियलिस्टिक वर्ल्ड में जी रहा है। वो जीवन में हर चीज़ पाने की इच्छा करने लगा है, जो मेंटल हेल्थ के लिए नुकसानदायक साबित होने लगता है। लोग अक्सर खुद में कमियां ढूढ़ने लगे हैं, जिससे डिप्रेशन, एंग्ज़ाइटी, सेल्फ लोथिंग और फोमो डिसऑर्डर का शिकार हो रहे हैं। इससे बचने के लिए सेल्फ केयर बहुत ज़रूरी है।

सोशल मीडिया से मेंटल हेल्थ पर क्या प्रभाव पड़ता है

सोशल मीडिया पर दिन भर स्टेटस, अकांउट और रील्स को चेक करने से लोगों के अंदर आपसी ईष्या, जलन और लो सेल्फ एस्टीम बढ़ने लगती है। व्यक्ति मन ही मन अपनी तुलना अन्य लोगों से करने लगता है और अनरियलिस्टिक वर्ल्ड में जीने लगता है। जहां वो उन सभी सुख सुविधाओं की कामना करता है, जो औरों के पास है।

सोशल मीडिया जहां आपको आगे बढ़ने में मदद करता है, तो वहीं तनाव का कारण भी बनने लगता है। अन्य लोगों के जीवन और उपलब्धियों को देखकर अधिकतर लोग चिंतित होने लगते हैं। इसके चलते वे खुद को आइसोलेट कर लेते हैं और अकेलापन महसूस करने लगते हैं, जो तनाव का कारण साबित होता है।

क्रॉल करते करते कब घण्टों बीत जाते हैं। इसका अंदाज़ा लगा पाना मुश्किल हो जाता है। इससे समय और एनर्जी दोनों ही बर्बाद होने लगते हैं, जिसके चलते अपने टारगेट्स को अचीव कर पाना मुश्किल लगने लगता है। ये एक प्रकार का एडिक्शन है, जिसमें नोटिफिकेशन को चेक करने के लिए हर पल फोन हाथ में ही रहता है, जिसका असर कार्य पर नज़र आने लगता है।

सोशल मीडिया में हर चीज़ पर्फेक्ट तरीके से होता देखकर व्यक्ति खुद को कमज़ोर समझने लगता है। हर कार्य में खुद को कम आंकने से आत्म विश्वास में कमी आने लगती है। अपने व्यक्तित्व को मज़बूत करने की जगह अन्य लोगों को आगे बढ़ता देख अपने आप से मायूस होने लगते है, जो एंग्ज़ाइटी का कारण सिद्ध होता है।

मेंटल हेल्थ को ठीक रखने के लिए अपनाएं टिप्स

काम से फ्री होने के बाद सोशल मीडिया को चेक करने की आदत को छोड़कर वही समय परिवारजनों के साथ बातचीत करने में बिताएं। न केवल उनके साथ क्वालिटी टाइम स्पैण्ड करें बल्कि कामकाज में उनकी मदद भी करें। इससे जीवन के मूल्यों को बेहतर तरीके से जानने में मदद मिलेगी।

अपने खानपान से लेकर फिटनेस तक हर चीज़ का ध्यान रखें। मोबाइल पर दिनभर व्यतीत करने की जगह कुछ वक्त योग और मेडिटेशन के लिए भी निकालें। इससे मेंटल हेल्थ को फायदा मिलता है और शरीर भी स्वस्थ बना रहता है।

जीवन में हर व्यक्ति को हर चीज़ की प्राप्ति नहीं हो पाती है। ऐसे में खुद को आगे बढ़ने के लिए बूस्ट करें और दूसरों की उपलब्धियों से अपनी पर्सनैलिटी को प्रभावित न होने दें।