May 2, 2024

पिता दहेज में बुलेट और कार नहीं दे पाया तो टूटी शादी, 11 फरवरी को आनी थी बरात

Chandigarh/Alive News: हरियाणा के करनाल जिले के कुंजपुरा क्षेत्र में शादी से पहले ही दहेज की मांग के कारण विवाह टूटने का मामला सामने आया है। मामला कलवेहड़ी गांव का है। आरोप है कि शादी से करीब 15 दिन पहले ही लड़के पक्ष ने लड़की पक्ष से दहेज में बुलेट बाइक और क्रेटा कार की मांग की। साथ ही मांग पूरी न करने पर विवाह तोड़ने की बात कही। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी युवक, उसकी मां और तीन भाइयों समेत सात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक गांव कलवेहड़ी निवासी वरियाम सिंह बंजारे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पास दो लड़के एवं दो लड़कियां हैं। छोटी बेटी ने 12वीं कक्षा पास कर करनाल आईटीआई से इलेक्ट्रीशियन में डिप्लोमा किया है। उसने अपनी इस बेटी का रिश्ता सोनीपत जिले के गांव महलाणा निवासी लड़के शैलेंद्र के साथ तय किया, जो बिजली निगम में क्लर्क है।

बीते वर्ष तीन सितंबर को जब रिश्ता तय हुआ तो दूल्हे पक्ष की तरफ से बिना दहेज के मात्र तीन कपड़ों में ही लड़की से शादी करने की बात कही गई थी। दोनों पक्षों की सहमति से 11 फरवरी 2022 की शादी की तिथि तय हो गई। इसके बाद विवाह कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो गईं। तीन फरवरी को लगन यानी विवाह की चिट्ठी एवं दहेज का सामान दूल्हे के घर पहुंचाना भी तय हो गया। इसी दौरान 24 जनवरी को दूल्हे का भाई यशवंत गांव कलवेहड़ी आया।

यहां आने के बाद दूल्हे के भाई एवं उनके अन्य परिजनों ने दहेज की मांग करनी शुरू कर दी। पहले एसी, फ्रिज ब्रांडेड सामान एवं दूल्हे समेत चारों भाइयों की अंगूठी चेन के अलावा मां व बहनों के लिए अंगूठी की मांग की गई। उसके बाद सभी परिजनों के महंगे कोट पैंट के साथ बुलेट मोटरसाइकिल, क्रेटा कार भी दहेज की सूची में जोड़ दी गई।

वधू पक्ष ने जब भारी भरकम सामान दहेज में देने की अपनी हैसियत न होने की बात कही तो दूल्हे पक्ष द्वारा शादी से साफ इंकार कर दिया गया। पुलिस में शिकायत देने से पहले मामले को लेकर सात गांवों की पंचायतें भी लड़की पक्ष के समर्थन में उतर गईं। उन्होंने भी सोनीपत के गांव महलाणा निवासी लड़के शैलेंद्र को फोन पर समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।

सात गांवों के लोगों ने पंचायत करते हुए रिश्ते को जोड़ने का पूरा प्रयास किया। जब वे नहीं माने तो परिजनों ने एसपी गंगाराम पूनिया को मामले की शिकायत दी। केस दर्ज करने के बाद एएसपी हिमाद्री कौशिक मामले की जांच कर रही हैं। लड़की ने कहा कि जो परिवार शादी से पहले ही जबरन दहेज की मांग रहा है, वहां किसी कीमत पर शादी नहीं करनी है। उसने प्रशासन से मांग उठाई कि दहेज मांगने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।