May 22, 2024

पति ने पत्नि का गला दबाकर की हत्या, बंद कमरे में मिला शव

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के जीवन नगर पार्ट-1 में पुलिस ने शुक्रवार को एक बंद कमरे से महिला का शव बरामद किया है। शव की हालत देखकर लगता है वह कई दिन पुराना है। बताया जा रहा है कि महिला के पति ने चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी और बाहर से ताला लगाकर चला गया। कमरे से दुर्गंध आने बाद मकान मालिक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

मृतका की पहचान मूलरूप से बिहार के भागलपुर निवासी खुशबू के रूप में हुई है। मकान मालिक जगवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया वह सेक्टर-55 स्थित एक राजकीय स्कूल में कर्मचारी है। जीवन नगर पार्ट-1 में उन्होंने अपने मकान की पहली मंजिल को किराए पर दे रखा है। मार्च महीने से खुशबू व उसका पति मसान कमरे में रह रहे थे। दोनों एक निजी कंपनी में काम करते थे। 29 मार्च को खुशबू अपने मायके गई थी वहां से तीन अप्रैल को वापस लौटी। चार अप्रैल कमरे में ताला लगा देख जगवती को लगा दोनों पति-पत्नी नौकरी पर गए होंगे। शुक्रवार शाम तक कमरे का ताला लगा नहीं खुलने पर उन्हें शक हुआ।

मामले की जांच के लिए जगवती कमरे के पास गई तो काफी दुर्गंध आ रही थी। उसने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। मुजेसर थाना पुलिस ने कमरे का ताला तोड़ा। अंदर का नजारा देख पुलिस व मकान मालिक दंग रह गए। कमरे में खुशबू का शव पड़ा था। उसके गले में चुन्नी लिपटी थी। शव की हालत देख लग रहा था महिला की हत्या तीन अप्रैल की रात को ही कर दी गई थी। घटना के बाद से महिला का पति मसान फरार था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी की तलाश कर रही हैं।