March 7, 2026

पति ने बीच सड़क पर पत्नी को मारी गोली, तलाक विवाद के बीच वारदात

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पिस्टल लहराते हुए मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा था। 

पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान 30 वर्षीय संगीता देवी के रूप में हुई है, जो बसंतपुर गांव की रहने वाली थी और काफी समय से पति से अलग होकर अपने दो बच्चों के साथ सनलाइट कॉलोनी में रह रही थी।
रास्ते में हुआ विवाद, पति ने चलाई गोलियां
घटना शुक्रवार रात करीब 7:30 से 8 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, संगीता घर पर नहीं मिली तो पति और उसके परिजन वापस जाने लगे। इसी दौरान गली में संगीता उनसे मिल गई। दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते बढ़ गई। आरोप है कि पति ने पिस्टल निकालकर उस पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगते ही संगीता गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।

गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मौके से मिले खाली खोल, जांच जारी
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से गोली के खाली खोल मिले हैं। क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया है। मामले की जांच पल्ला थाना पुलिस कर रही है।

तलाक का केस चल रहा था, आरोपी फरार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और तलाक का मामला अदालत में विचाराधीन था। आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है और वारदात के बाद से फरार है।
पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।