June 28, 2026

एचटीआरसी बस का हरियाणा में एक्सिडेंट

Chandigarh/Alive News: एचटीआरसी की शिमला डिपो बस को करनाल में एक डंपर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बस में सवार आठ लोग घायल हो गए।

नेशनल हाईवे-44 पर एचपी पेट्रोल पंप के सामने एचटीआरसी की शिमला डिपो की बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ओवरलोड डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची समेत करीब आठ लोग घायल हो गए। बस चालक सतपाल, परिचालक आशीष सोनी और बच्ची के सिर में कई जगह चोटें आई हैं। बस चालक सतपाल ने बताया कि जैसे ही उन्होंने फ्लाईओवर पार कर एचपी पेट्रोल पंप के सामने एक सवारी को उतारकर बस को आगे बढ़ाया तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बस में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह अंदर धंस गया। डिक्की में रखे यात्रियों के सूटकेस क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक यात्री का सूटकेस अंदर फंस गया। डंपर का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

डंपर चालक विकास ने बताया कि वह इंद्री से रेता लादकर रोहतक जा रहा था और बस के अचानक ब्रेक लगाने से वह अपने वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका। उनका कहना है कि हादसे के बाद बस में सवार कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट और हाथापाई करके उसके करीब 10 हजार रुपये भी छीन लिए।

सुबह दुबई की फ्लाइट, सूटकेस डिक्की में फंसा

यात्री विश्व ने बताया कि वह हिमाचल के किन्नौर से दिल्ली के लिए अपनी पत्नी के साथ यात्रा कर रहे थे। उनका एक सूटकेस का लॉक टूट गया और दूसरा डिक्की में फंस गया, जिसमें पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज थे। उन्होंने कहा कि शनिवार शाम को उनकी दुबई की फ्लाइट है, जिससे उन्हें भारी असुविधा हो रही है।

कुछ समय रही जाम की स्थिति

सूचना मिलने पर डायल 112 की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जांच अधिकारी संतपाल ने बताया कि मौके पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए फ्लाईओवर पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर मार्ग सुचारू कर दिया।