November 13, 2026

10.50 करोड़ के टेंडर में 7 लाख की रिश्वत मांगने वाला HSVP का जेई गिरफ्तार, 3 लाख लेते रंगे हाथ पकड़ा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के एक जूनियर इंजीनियर (JE) को 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। गुरुग्राम एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा। आरोप है कि जेई ने 10.50 करोड़ रुपये के टेंडर से जुड़े काम के बदले ठेकेदार से 7 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। वह रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 3 लाख रुपये ले रहा था।

मामला सेक्टर-76 और 78 में भूमिगत बिजली केबल बिछाने के काम से जुड़ा है। HSVP फरीदाबाद ने शिकायतकर्ता की फर्म को इस काम का 10.50 करोड़ रुपये का टेंडर दिया था। फर्म को अब तक 3.46 करोड़ रुपये का भुगतान जारी किया जा चुका था। आरोप है कि इसके बाद जेई सुरेंद्र कुमार ने फर्म संचालक से 2 प्रतिशत कमीशन के रूप में 7 लाख रुपये की मांग की।

शिकायत मिलने पर ACB ने बिछाया जाल

जेई की ओर से रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने के बाद गुरुग्राम की स्टेट विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (SV एवं ACB) की टीम ने जाल बिछाया। इंस्पेक्टर जयपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, गुरुग्राम के सहायक अभियंता ऋषभ भी मौजूद रहे।