June 26, 2026

जम्मू के उधमपुर में भीषण बस हादसा, 16 की मौत, 20 से ज्यादा घायल

Jammu/Alive News: जम्मू के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामनगर से आ रही एक बस जालो के पास सड़क से करीब 100 फीट नीचे खाई में गिर गई। इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा यात्री घायल हो गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए जीएमसी उधमपुर ले जाया जा रहा है। हादसे के बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया और राहत कार्य जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के मुताबिक, बस तेज रफ्तार में थी और उसमें ज्यादा यात्री भी सवार थे। इसी दौरान बस का टायर फट गया, जिससे ड्राइवर बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस गहरी खाई में गिर गई।

प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।