April 27, 2024

तेज रफ्तार का कहर, एक युवक उछलकर 10 फीट दूर गिरा, दो की मौत

New Delhi/Alive News: धार में बाइक को बचाने के चक्कर में एक बेकाबू बोलेरो पलट गई। बोलेरो इतनी तेज रफ्तार से आ रही थी, कि 5 सेकंड में 7 बार पलटी खा गई। इस दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार भी इसकी चपेट में आ गए। एक युवक तो उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा। हादसे में बोलेरो में सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, चार लोग घायल हैं। घायलों को भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ लोग रविवार सुबह करीब 9 बजे काम के सिलसिले में धार के सुसारी गांव से मनावर जा रहे थे। इस बीच, अंबाड़ा के पेट्रोल पंप के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार उसकी चपेट में आ गए। बाइक सवार 2 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इधर बोलेरो में बैठे 2 लोग गाड़ी पलटने की वजह से दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक मृतकों के नाम अंतिम (25) और प्रेम सिंह (17) हैं, वहीं इंदर सिंह और जितेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा और दो अन्य लोग भी घायल हैं। जिसमें बाइक चालक तरुण (24) और सरदार (40) शामिल हैं।

सड़क हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की मदद से घायलों को कुक्षी अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टर्स ने जितेंद्र को बड़वानी रेफर कर दिया। कुक्षी TI दिनेश सिंह चौहान ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।