Faridabad/Alive News: शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सूरजकुंड रोड पर तेज गति से आ रही इग्निस कार की टक्कर से स्कूटी सवार तरुण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वह आईसीआईसी बैंक में रीजनल मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और सेक्टर-23 संजय कॉलोनी के निवासी थे।
क्लाइंट से मिलने गए थे ग्रीन फील्ड
मृतक के पिता राजा सिंह चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा दोपहर में ग्रीन फील्ड कॉलोनी स्थित Omaxe Society में एक क्लाइंट से मिलने गया था। वहां से लौटते समय जैसे ही वह स्कूटी पर सूरजकुंड रोड पर चढ़े, पीछे से आई तेज रफ्तार इग्निस कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तरुण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
कार में सवार थे चार छात्र-छात्राएं
ग्रीन फील्ड चौकी प्रभारी कृपाराम के अनुसार, कार में चालक सहित एक युवक और दो युवतियां सवार थीं, जो एक निजी यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद कार चालक और दो युवतियां मौके से फरार हो गईं, जबकि एक युवक घटनास्थल पर ही मौजूद रहा। आरोपी चालक की पहचान रिजुल सतीजा के रूप में हुई है। कार भी उसी के नाम पर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने स्वीकार किया है कि कार तेज रफ्तार में थी। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।
शराब व ड्रग टेस्ट की मांग
मृतक के परिजनों ने कार में सवार युवक-युवतियों का शराब और ड्रग टेस्ट कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

