April 19, 2024

ज्यादा मुनाफे के चक्कर में बेचने लगा गांजा, पुलिस ने धरा

Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 की टीम ने नशे के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान टिकावली निवासी रणबीर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 315 ग्राम गांजा बरामद किया है।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच सेक्टर 17 प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार की टीम ने आरोपी को इसके घर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के बारे में छानबीन करने पर यह बात सामने आयी कि आरोपी पहले अवैध शराब की तस्करी करता था।

ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में वह गांजा की तस्करी करने लगा। आरोपी ने टीम को बताया कि वह यूपी से गांजा लाकर फरीदाबाद में सप्लाई करता है। क्राइम ब्रांच द्वारा आरोपी के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।