March 12, 2026

आपदा की घड़ी में एक-दूसरे की मदद करना सबसे बड़ी जिम्मेदारी : उपायुक्त

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार की ओर से पंजाब में बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव मदद दी जा रही है। इस कड़ी में फरीदाबाद की सामाजिक संस्थाएं, औद्योगिक इकाइयां आरडब्लयूए व आमजन भी पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए दिल खोलकर आगे आ रहे हैं। आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने मंगलवार को 51 हजार रुपए की राशि का चेक पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए उपायुक्त विक्रम सिंह को सौंपा। उपायुक्त ने कहा कि आपदा की घड़ी में एक-दूसरे की मदद करना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
                  

उपायुक्त ने बताया कि अब तक फरीदाबाद की सामाजिक संस्थाएं, औद्योगिक इकाइयां आरडब्ल्यूए व आमजन 10 लाख रुपए बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए राहत कोष में जमा करवा चुके हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब के लोगों को इस संकट के समय में सहयोग करने के लिए समस्त फरीदाबाद के लोग आगे आ रहे हैं। इसमें इंडस्ट्री एसोसिएशन सहित अन्य सामाजिक संगठन व आमजन सभी का सहयोग भी शामिल है। उपायुक्त ने संकट के समय में पंजाब की लोगों की भरपूर मदद करने के लिए समस्त एसोसिएशन और सामाजिक संगठनों समेत आमजन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशन में आगे भी पंजाब के लोगों की पूरी मदद की जाएगी। उन्होंने संकट की घड़ी में फरीदाबाद के सभी लोगों से सहयोग करने का आह्वान किया है।