September 20, 2026

एचबीएसईः सभी विद्यालयों में होगी 8वीं की बोर्ड परीक्षा, स्कूल को कराना होगा पंजीकरण

Chandigarh/Alive News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने शैक्षिणक सत्र 2021-2022 से आठवीं की बोर्ड परीक्षा आयोजित करवाने का निर्णय लिया है। इसके लिए बोर्ड ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार हरियाणा राज्य में स्थित सभी विद्यालयों (सीबीएसई और अन्य शिक्षा बोर्ड के अधीन आने वाले विद्यालयों) में आठवीं कक्षा की परीक्षाएं शैक्षिणक सत्र 2021-2022 से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित करवाई जाएंगी।

मिली जानकारी के अनुसार किसी भी परीक्षार्थी द्वारा आठवीं कक्षा की परीक्षा देने से पूर्व हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से नामांकन करवाया जाना अनिवार्य होगा। हरियाणा सरकार के निर्णय अनुसार परीक्षार्थियों के पंजीयन से पहले प्रत्येक विद्यालय जो कि हरियाणा राज्य के अधिकार क्षेत्र में स्थित है, उनके द्वारा स्वयं को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड कि अधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण करवाना आवश्यक होगा।

आठवीं की बोर्ड परीक्षा को लेकर लंबे समय से संशय बना हुआ था। लेकिन इस बार परीक्षाओं को लेकर बोर्ड ने साफ कर दिया है। शिक्षा बोर्ड ने आठवीं की बोर्ड परीक्षा अंतिम बार 2010 में संचालित करवाई थी। अब करीब 11 साल के  लंबे अंतराल बाद फिर से शिक्षा बोर्ड इस परीक्षा का आयोजन करवाने जा रहा है।