Faridabad/Alive News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) की कक्षा 10वीं की परीक्षाओं का दौर पूरे प्रदेश में जारी है। इसी कड़ी में वीरवार को एनआईटी-5 में स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के परीक्षा केंद्र पर विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित हुई।
परीक्षा के दौरान एक ओर जहां छात्रों में उत्साह देखा गया, वहीं दूसरी ओर परीक्षा केंद्रों पर नियमों की अनदेखी भी सामने आई। बोर्ड के कड़े निर्देशों के बावजूद, कई केंद्रों पर छात्र परीक्षा समाप्त होने के निर्धारित समय से 10 मिनट पहले ही बाहर घूमते नजर आए। नियमों के अनुसार, परीक्षा पूरी होने से पहले किसी भी छात्र को केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं है, लेकिन आज के नज़ारे ने सुरक्षा और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
केन्द्र से परीक्षा देकर बाहर निकली छात्राओं की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। छात्रा प्रियांशी ने बताया कि कुल मिलाकर पेपर अच्छा था, लेकिन केमिस्ट्री के सेक्शन ने काफी परेशान किया। प्रियांशी के अनुसार, “फिजिक्स के न्यूमेरिकल तो आसान थे और अच्छी तरह हल हो गए, लेकिन केमिस्ट्री में वैलेंसी और कुछ समीकरण उम्मीद से ज्यादा कठिन थे।” कई अन्य छात्रों ने भी स्वीकार किया कि केमिस्ट्री का भाग थोड़ा पेचीदा और समय लेने वाला था।
वहीं, छात्रा प्रख्या ने बताया कि उनका पेपर काफी आसान रहा। स्कूल में करवाई गई बेहतरीन तैयारी की वजह से उन्हें फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी, तीनों ही सेक्शन हल करने में कोई खास दिक्कत नहीं आई। प्रख्या के अनुसार, अगर छात्र ने साल भर सही तरीके से पढ़ाई की है, तो पेपर काफी स्कोरिंग साबित हो सकता है।
हालांकि, परीक्षा केंद्र से बाहर आए ज्यादातर छात्रों का यह भी मानना था कि विज्ञान का पेपर काफी ‘लेंथी’ (लंबा) था, जिसके कारण अंत तक उन्हें लिखने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
कुल मिलाकर, आज के विज्ञान के पेपर ने जहां कुछ छात्रों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी, वहीं केमिस्ट्री के कठिन सवालों और लंबे पेपर ने कइयों को तनाव में भी रखा।
इसके अलावा जो परीक्षार्थी परीक्षा देकर केंद्र के बाहर 10 मिनट पहले निकलने हैं उसमें किसकी लापरवाही है। शिक्षा बोर्ड उस व्यक्ति पर लापरवाही बरतने पर क्या कार्रवाई करता है।

