May 18, 2024

हरियाणा: सिरफिरे पति ने आपसी विवाद के कारण पत्नी को गोली से उड़ाया

Chandigarh/Alive News: शनिवार को हरियाणा के एक जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार झज्जर जिले के मातनहेल का एक व्यक्ति रात साढ़े तीन बजे अपनी ससुराल ढलानवास पहुंचा और तीन गोली मारकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। दो गोली महिला के सिर में और एक जांघ में लगी है। 

झाड़ली चौकी पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम शनिवार सुबह दादरी सिविल अस्पताल में करवाया। आरोपी पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी टीकरी बॉर्डर में दूध की डेयरी चलाता है और पति-पत्नी की आपसी अनबन के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। आरोपी ने कुछ दिन पहले भी पत्नी के घर आकर फायरिंग की थी। जिसके बाद परिवार को सुरक्षा के लिए गनमैन दिया गया था। 

जानकारी के मुताबिक ढलानवास निवासी यशवंती की शादी 2004 में मातनहेल निवासी महाबीर से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं और पति-पत्नी में किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। करीब एक माह पहले महाबीर अपनी पत्नी को मायके छोड़ गया था। 30 अप्रैल की रात करीब साढ़े तीन बजे वह अपनी ससुराल पहुंचा। उसने गेट खटखटाया तो बैठक में सो रही उसकी पत्नी यशवंती गेट खोलने बाहर आई।

इसी दौरान महाबीर ने अपनी पत्नी पर लगातार तीन फायर झोंक दिए और वहां से फरार हो गया। गंभीर हालत में परिजन यशवंती को लेकर दादरी सिविल अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।