February 25, 2025

हरियाणा : सरकार द्वारा गठित कौशल रोजगार निगम कमेटी की मुख्य कार्यकारी बनी शरणदीप कौर बराड़

Chandigarh/Alive News : हरियाणा कौशल रोजगार निगम अब अस्तित्व में आ गया है। सरकार ने हाल ही में गठित की गयी निगम कमेटी की पहली मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में आईएएस शरणदीप कौर बराड़ को नियुक्त किया है। निगम का मुख्यालय पंचकूला में रहेगा। बराड़ इसके साथ ही कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण, रोजगार व नागरिक संसाधन सूचना विभाग की निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगी।

जानकारी के मुताबिक भविष्य में आउटसोर्सिंग पर सभी भर्तियां इसी निगम के तहत होंगी। सभी विभाग, बोर्ड-निगम व निकाय कच्चे कर्मियों की भर्ती के लिए निगम को ही अपनी मांग भेजेंगे। सरकार ने ठेकेदारी प्रथा बंद करने व आउटसोर्सिंग भर्तियों में होने वाले भ्रष्टाचार को रोकने के लिए यह निगम कमेटी का गठन किया है। हालांकि, कर्मचारी संगठन व विपक्ष इसका भी विरोध कर रहा है लेकिन सरकार ने नई भर्तियां इसके तहत ही करने का फैसला लिया है। आगे से आउटसोर्सिंग की सभी भर्तियां निगम ही करेगा। इसके लिए नियम व शर्तें बनाई जा रही हैं। इससे ठेकेदारी प्रथा खत्म होने के कारण नियुक्तियों में भ्रष्टाचार पर लगाम कसेगी।

सरकार ने आईएएस राजीव रतन को वर्तमान कार्यभार के अलावा सीपीग्रामपीजी पोर्टल के नोडल अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। एचसीएस अधिकारी मुकुंद वर्तमान कार्यभार के अलावा सामान्य प्रशासन विभाग के उप-सचिव का जिम्मा भी संभालेंगे।