Prithla/Alive News: कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने फिर से विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर विधानसभा-सत्र में सरकार को घेरा। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखी कि पृथला-गदपुरी टोल-प्लाजा के पास गदपुरी में हरियाणा रोडवेज का बस अड्डा भी बनाया जाए। उन्होंने नेशनल हाईवे-19 पर पलवल से लेकर बल्लभगढ़ तक सरकारी परिवहन का मुद्दा उठाते हुए पृथला-गदपुरी टोल-प्लाजा के पास हरियाणा राज्य परिवहन निगम का बस अड्डा बनाए जाने की मांग रखते हुए कहा कि पलवल से बल्लभगढ़ तक नेशनल हाईवे-19 पर दोनों तरफ पृथला विधानसभा क्षेत्र लगता है। इस 20 किलोमीटर लंबे हाईवे पर आल्हापुर, बघौला, पृथला, सीकरी, झाडसेंतली आदि 5 बड़े फ्लाईओवर बन गए हैं जिससे हरियाणा रोडवेज की बसें पुल के ऊपर से गुजर जाती हैं और उपरोक्त पुलों के नीचे पड़ने वाले बड़े गावों के स्टापों पर बस नहीं रूकती, इसलिए तुरंत प्रभाव से सभी बसें पुलों के नीचे से गुजारी जाए जिससे के आसपास के लगभग 50 गावों के लोग हरियाणा रोडवेज की बसों में फरीदाबाद, दिल्ली, चंडीगढ़ आदि अन्य स्थानों पर सुविधाजनक सफर कर सकें, वहीं पृथला-गदपुरी टोल-प्लाजा के पास गदपुरी में हरियाणा रोडवेज का बस अड्डा भी बनाया जाए।
विधायक रघुबीर तेवतिया द्वारा सदन में उठाए गए इस प्रभावी मुद्दे का समर्थन करते हुए स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खडे होकर गदपुरी टोल-प्लाजा के पास हरियाणा रोडवेज का बस अड्डा बनाने की मंजूरी दे दी गई। वहीं सदन में स्वयं विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याणा भी विधायक तेवतिया से प्रभावित हुए और उन्होंने ने भी बस अड्डा बनाए जाने के साथ-साथ हाईवे पर गावों में बने पुलों के नीचे से बस चलवाने का समर्थन किया जिस पर तुरन्त ही सदन में मौजूद हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री ने सरकार की ओर से विधायक की मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया, और ऐलान किया कि पृथला क्षेत्र में उक्त नेशनल हाईवे पर गावों में बने पुलों पर हरियाणा रोडवेज के इंस्पेक्टर की ड्यूटी लगाकर रोडवेज बसों का संचालन पुलों के नीचे से कराया जाएगा। पृथला क्षेत्र की जनता को बेहतर परिवहन सुविधा दिलाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
पृथला के कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने पत्रकारों से कहा कि बेशक वह विपक्ष के विधायक हैं, लेकिन क्योंकि क्षेत्र की जनता ने उन्हें विधायक चुनकर भेजा है, इसलिए वह जनहित के मुद्दों को सडक़ से लेकर विधानसभा तक उठाएंगे। विधानसभा क्षेत्र के लिए उनके द्वारा उठाई गई यह सभी मांगें जनता से सीधी जुडी हुई हैं। वह सरकार से मांग करते हैं कि जल्द से जल्द उनकी मांगों को पूरा किया जाए। ताकि क्षेत्र का विकास हो सके और जनता को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि पृथला के अधिकार और विकास की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।

