May 18, 2024

हरियाणा राज्यसभा चुनाव : निर्दलीय कार्तिकेय शर्मा को जिताकर भाजपा ने कई राजनीतिक विरोधियों को किया चित

Chandigarh/Alive News : हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में बड़े उलटफेर हुआ जिसके बाद से निर्दलीय कार्तिकेय शर्मा को जिताकर भाजपा ने एक तीर से कई राजनीतिक विरोधियों को चित किया है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा को उनके पूर्व में घनिष्ठ मित्र रहे विनोद शर्मा के जरिये ही मात दे डाली। कांग्रेस उम्मीदवार अजय माकन की जीत-हार से हुड्डा की सीधी प्रतिष्ठा जुड़ी हुई थी।

जानकारी के अनुसार रोहतक से सांसद अरविंद शर्मा ने कुछ समय से मुख्यमंत्री और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। उनके बागी तेवरों को देखते हुए भाजपा नेतृत्व बीते दिनों कुछ असहज दिखा, लेकिन राज्यसभा चुनाव में सधी हुई चाल चलकर अरविंद को चारों खाने चित कर दिया।

भाजपा विनोद शर्मा के जरिये कांग्रेस के दमदार ब्राह्मण नेताओं में भी सेंध लगाने की फिराक में है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कार्तिकेय को जिताने के लिए खुद मोर्चा संभाला था। उन्होंने जजपा, निर्दलीय विधायकों और पार्टी नेताओं के साथ मिलकर पूरी बिसात बिछाई।

जानकारी के अनुसार कांग्रेस के 31 विधायकों में से 30 के वोट भी माकन को मिलते तो वह जीत जाते, लेकिन उसमें से भी एक वोट रदद हो गया। मतों की पुनर्गणना में जैसे ही कांग्रेस 29 से आगे नहीं बढ़ पाई, वैसे ही कार्तिकेय और उनके समर्थकों के चेहरे खिल गए।

एक वोट रदद होते ही कांग्रेस दिग्गजों ने माथा पकड़ लिया और समझ ही नहीं पाए कि जीत अचानक हार में कैसे बदल गई। तुरंत इसकी सूचना पर्यवेक्षक नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा को दी गई। ये दोनों नेता भी हतप्रभ रह गए और कुछ देर के लिए दोनों नेताओं को भी हार विश्वास नहीं हुआ।