September 5, 2026

हरियाणा में कानून व्यवस्था पर पूर्व विधायक नीरज शर्मा का हमला, बोले- रंगदारी और अपराध से दहशत का माहौल

पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने हरियाणा की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए

Faridabad/Alive News: हरियाणा में कानून व्यवस्था और बढ़ते रंगदारी के मामलों को लेकर एनआईटी फरीदाबाद के पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों और गैंगस्टरों का डर बढ़ रहा है और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

नीरज शर्मा ने कहा कि विधानसभा के अतारांकित प्रश्न संख्या 85 के जवाब में सामने आए सरकारी आंकड़ों से प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति स्पष्ट होती है। उनके अनुसार, 1 जनवरी 2025 से 31 जुलाई 2026 के बीच गैंगस्टरों की ओर से पूर्व जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, व्यापारियों और आम लोगों को धमकियां दिए जाने के मामले सामने आए हैं।

पूर्व विधायक ने दावा किया कि उन्होंने पुलिस विभाग और पंचकुला पुलिस मुख्यालय से आरटीआई के जरिए धमकियों, सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा पर हुए सरकारी खर्च से जुड़ी जानकारी मांगी थी। उनका आरोप है कि कई जिलों से उन्हें पूरी जानकारी नहीं मिली और कुछ सूचनाएं अधूरी दी गईं।

नीरज शर्मा ने कहा कि सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रदेश में बढ़ता अपराध और रंगदारी है। उन्होंने दावा किया कि करीब 700 पुलिसकर्मियों को धमकी प्राप्त लोगों की सुरक्षा में तैनात किया गया है। उनके मुताबिक, दूसरी ओर कई थानों और पुलिस चौकियों में कर्मचारियों की कमी बनी हुई है, जिससे आम लोगों से जुड़े काम प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अपराध और रंगदारी के डर का असर हरियाणा के कारोबार और निवेश पर भी पड़ सकता है। व्यापारियों और उद्योगपतियों को सुरक्षित माहौल देना सरकार की जिम्मेदारी है।

पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री से कानून व्यवस्था को लेकर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि धमकी प्राप्त लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि प्रदेश में भयमुक्त माहौल बनाया जा सके।