Chandigarh/Alive News: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने ग्रुप-D भर्ती के लिए कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) की तैयारी शुरू कर दी है। आयोग किसी भी समय आवेदन की तारीख घोषित कर सकता है।
आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बताया कि ग्रुप-D CET का आवेदन पोर्टल खोलने के लिए संशोधन (अमेंडमेंट) नोटिफिकेशन का इंतजार किया जा रहा है। नोटिफिकेशन जारी होते ही पोर्टल खोल दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों के लिए आयोग की सलाह
HSSC ने उम्मीदवारों को आवेदन से पहले तैयारी रखने के लिए कुछ जरूरी निर्देश दिए हैं—
सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें।
आवेदन फॉर्म स्वयं भरें, किसी अन्य पर निर्भर न रहें।
फॉर्म सावधानीपूर्वक भरें, किसी तरह की गलती न करें।
फॉर्म जमा करने के बाद उसका प्रिंट लेकर अच्छी तरह जांच करें।
विभागों से मांगी गई खाली पदों की जानकारी
सरकार ने सभी विभागों से ग्रुप-D के खाली पदों का विवरण मांगा है। बताया गया है कि 2023 के भर्ती विज्ञापन के बाद 2024 में नियुक्तियां दी गई थीं, लेकिन कुछ चयनित उम्मीदवार अब भी जॉइनिंग के इंतजार में हैं। विभागों की रिपोर्ट मिलने के बाद उन्हें रिक्त पदों पर नियुक्त किया जाएगा।
करीब 7,596 पदों पर भर्ती की संभावना
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार पहले ही ग्रुप-D के साढ़े सात हजार पदों पर भर्ती की घोषणा कर चुकी है। माना जा रहा है कि कुल 7,596 पदों पर भर्ती होगी। SC आरक्षण के वर्गीकरण लागू होने के बाद इनमें से 1,209 पद वंचित अनुसूचित जाति (DSC) और अन्य अनुसूचित जाति (OSC) वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं।
17 लाख तक आवेदन आने का अनुमान
आयोग से जुड़े सूत्रों के अनुसार ग्रुप-D परीक्षा के लिए करीब 17 लाख उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। जो अभ्यर्थी पहले ग्रुप-C के लिए आवेदन कर चुके हैं, उनमें से बड़ी संख्या ग्रुप-D के लिए भी अप्लाई कर सकती है। ऐसे में दोनों परीक्षाओं में कुल आवेदकों की संख्या 31 लाख से अधिक पहुंचने की संभावना है।

