June 13, 2026

पारदर्शिता और तकनीक के साथ आगे बढ़ रहा है हरियाणा : विपुल गोयल

Faridabad/Alive News: हरियाणा में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली की प्रगति की समीक्षा के लिए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में एक अहम बैठक चंडीगढ़ में हुई। इस बैठक में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में अधिकारियों ने पेपरलेस रजिस्ट्री की वर्तमान स्थिति, नागरिकों को मिल रही सुविधाओं और तकनीकी सुधारों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान प्रणाली को और बेहतर, पारदर्शी और जनता के हित में बनाने के लिए नए सुझावों और सुधारों पर चर्चा की गई।

विपुल गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधुनिक तकनीक, डेटा सुरक्षा और कर्मचारियों के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्री हरियाणा सरकार की एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल है, जिससे समय और संसाधनों की बचत के साथ रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल, सुरक्षित और पारदर्शी बन रही है।

विपुल गोयल ने बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि हर सेवा लोगों तक डिजिटल माध्यम से पहुंचे। यही आधुनिक, आत्मनिर्भर और विकसित हरियाणा की दिशा में एक बड़ा कदम है।