May 1, 2024

कर्मचारियों को हरियाणा सरकार का तोहफा, 28 फीसदी बढ़ा महंगाई भत्ता

Chandigarh/Alive News : हरियाणा सरकार ने महंगाई भत्ते (डीए) की दर में 28 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी होने के बाद अब कर्मचारियों का मकान किराया भत्ता के स्लैब में भी बदलाव होगा। सरकार को डीए की दर में बढ़ोतरी करने के बाद देर-सवेर नया स्लैब लागू करना होगा। फिलहाल हरियाणा में कर्मचारियों को 8-16-24 के स्लैब के अनुसार एचआरए मिल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार पहली जुलाई से डीए की नई दर लागू होते ही कर्मचारी 9-18-27 के स्लैब से एचआरए के पात्र हो गए हैं। वहीं मूल वेतन के अनुसार ही कर्मचारियों के एचआरए में सरकार बढ़ोतरी करेगी। अगर किसी का मूल वेतन 50 हजार रुपये है तो उसे 8 प्रतिशत के हिसाब से 4000, 16 प्रतिशत के हिसाब से 8000 व 24 प्रतिशत के हिसाब से 12 हजार रुपये एचआरए अभी मिल रहा है। वहीं 9-18-27 के स्लैब के हिसाब से यह 4500, 9000 व 13500 हजार रुपये हो जाएगा।

प्रदेश सरकार ने शहरों की आबादी के हिसाब से कर्मचारियों के लिए एचआरए का स्लैब बनाया हुआ है और अब इसी नए स्लैब के अनुसार कर्मचारियों को मकान किराया भत्ता इसी फॉर्मूले से देय होगा। डीए की दर 28 फीसदी होते ही कर्मचारियों ने सरकार पर नए स्लैब को लागू करने के लिए दबाव बनाना भी शुरू कर दिया है। सर्व कर्मचारी संघ इसकी मजबूत तैयारी कर रहा है।

बता दें, कि 8-16-24 स्लैब के लिए कर्मचारी 1 जनवरी 2016 से पात्र हो गए थे। लेकिन सरकार ने कर्मचारियों को लाभ 1 अगस्त 2019 से देना शुरू किया था। इससे कर्मचारियों को काफी वित्तीय नुकसान भी उठाना पड़ा था। एचआरए का नया स्लैब अगस्त 2019 से लागू हुआ था, इसलिए कर्मचारियों को पुराना एरियर भी नहीं मिला।


डीए की दर 25 फीसदी पार होने के बाद नया मकान किराया भत्ता स्लैब लागू करने को लेकर सरकार फिलहाल चुप है। हालांकि वित्त विभाग इसके गुणा भाग में जुट गया है। वित्त विभाग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह एक नीतिगत निर्णय है, जो मुख्यमंत्री मनोहर लाल के स्तर पर तय होगा। विभाग पूरा आंकलन कर समय पर अपनी रिपोर्ट दे देगा। इसे कब से लागू करना है, यह सरकार तय करेगी। सरकार इसके लिए 2021 की जनगणना पूरी होने का भी इंतजार कर सकती है।