March 7, 2026

हरियाणा विधानसभा विंटर सेशन का दूसरा दिन: अविश्वास प्रस्ताव पर सियासी घमासान, सीएम के शेर से भड़की कांग्रेस, सदन में लगातार हंगामा

Chandigarh/Alive News: हरियाणा विधानसभा के विंटर सेशन के दूसरे दिन शुक्रवार को सदन की कार्रवाई जारी है। आज सदन में डबल सिटिंग हो रही है। प्रश्नकाल के बाद कांग्रेस द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली, जिससे सदन बार-बार बाधित हुआ।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अविश्वास प्रस्ताव पर बोलते हुए कहा कि इससे जनता के बीच अच्छा संदेश नहीं गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस को ध्यान से पढ़ा, लेकिन उस पर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हस्ताक्षर नहीं हैं। सीएम ने तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने चश्मा लगाकर भी देखा, लेकिन विपक्ष के नेता के साइन नजर नहीं आए। इससे लगता है कि कांग्रेस खुद हुड्डा को नेता प्रतिपक्ष नहीं मानती।

सीएम के शेर पर कांग्रेस का हंगामा

सीएम नायब सैनी ने शायराना अंदाज में शेर पढ़ा, जिसे सुनते ही कांग्रेस विधायक भड़क गए। सभी विधायक वेल में आ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की, लेकिन हंगामा जारी रहा। इसके बाद सत्ता पक्ष के विधायक भी खड़े हो गए और सदन में माहौल और गर्म हो गया।

अनिल विज और स्पीकर में तीखी नोकझोंक

मंत्री अनिल विज जब बोलने के लिए खड़े हुए तो स्पीकर ने उन्हें टोका। इस पर विज नाराज हो गए और बोले कि उन्हें अपनी बात रखने नहीं दी जा रही। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता के साइन नहीं होना बड़ी बात है।

PPP और राशन कार्ड पर बहस

इससे पहले कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने परिवार पहचान पत्र (PPP) और राशन कार्ड का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले फर्जी राशन कार्ड बनवाए गए और अब चुनाव के बाद कार्ड काटे जा रहे हैं, जो वोट चोरी है। सीएम नायब सैनी ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि कांग्रेस केवल सदन में हाजिरी लगाने के लिए ऐसे आरोप लगा रही है। जनता उन्हें नकार चुकी है, इसलिए वे हताश हैं।

शून्यकाल में उठीं जनसमस्याएं

शून्यकाल के दौरान विधायक विनेश फोगाट ने रेलवे फाटक की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि फाटक के कारण एक घर में आग लगने से एक बच्चे की मौत हो चुकी है। रोजाना करीब 50 हजार लोग इस रास्ते से गुजरते हैं और घंटों जाम में फंसते हैं। साथ ही उन्होंने जलभराव की समस्या से किसानों और ग्रामीणों को राहत देने की मांग की।

हथीन विधायक मोहम्मद इजरायल ने नूंह से होडल तक फोरलेन सड़क, आईएमटी खोलने, बसों की संख्या बढ़ाने और जलभराव की समस्या के समाधान की मांग रखी। विधायक पवन खरखोदा ने कहा कि बीजेपी सरकार के आने के बाद हरियाणा तेजी से बदल रहा है और विकास कार्यों में हरियाणवी एकता की झलक दिख रही है। कांग्रेस विधायक चौधरी अकरम ने भूमि कटाव, जलभराव, स्कूली बसों की कमी और नेशनल पार्क के अपग्रेडेशन के लिए अलग बजट की मांग उठाई।

अन्य मुद्दे भी चर्चा में

विधायक लक्ष्मण यादव ने लिव-इन रिलेशनशिप पर कानून बनाने की मांग की। विधायक शैली चौधरी ने नारायणगढ़ को जिला बनाने, स्कूलों में सफाई व्यवस्था, बढ़ते प्रदूषण और लाडो लक्ष्मी योजना में नाम काटे जाने का मुद्दा उठाया।निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल ने रेलवे ओवरब्रिज बनाने की मांग रखी, जिस पर मंत्री रणवीर गंगवा ने जल्द स्वीकृति मिलने का आश्वासन दिया।

पानीपत से बीजेपी विधायक प्रमोद विज ने ई-बसों और चार्जिंग स्टेशन को लेकर सवाल किया। परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि सरकार ई-बसों और चार्जिंग स्टेशन बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।

हुड्डा का पलटवार

नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव पूरी तरह नियमों के तहत लाया गया है और सीएम को इस पर सवाल उठाने का कोई अधिकार नहीं है। सीएम नायब सैनी ने भी कहा कि सरकार अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए तैयार है।