May 3, 2024

हरियाणा में एक बार फिर बढ़ा लॉकडाउन, जानिए कहां मिली छूट और कहां पाबंदियां जारी

Chandigarh/Alive News: हरियाणा सरकार ने लॉकडाउन में कुछ छूट देते हुए 9 अगस्त तक महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा बढ़ा दिया है। अब प्रदेश में सोमवार से सभी दुकानें सुबह नौ बजे से शाम दस बजे तक खोली जा सकेंगी। इसी प्रकार, मॉल खोलने का समय सुबह 10 से रात आठ बजे तक किया गया है। 

मुख्य सचिव विजय वर्धन की ओर से जारी आदेशों के अनुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्र और क्रेच अभी 15 अगस्त तक बंद रखे जाएंगे। वहीं, सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों से संस्थानों को दोबारा से खोलने के लिए कार्ययोजना मांगी गई है। सभी कालेजों और विश्वविद्यालयों में हॉस्टलों के समस्त छात्रों, स्कालर्स, फैकल्टी और स्टाफ को कोविड से बचाव के लिए टीकाकरण अनिवार्य किया है।

आपको बता दें कि इससे पहले, सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक ही दुकानें खोलने की इजाजत थी, जबकि शॉपिंग माल सुबह 10 बजे से रात आठ बजे तक खोले जा सकते थे। प्रदेश में पहले की तरह रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक रात्रि कर्फ्यू रहेगा।