March 7, 2026

मोबाइल छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का फोन बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोबाइल छीनने की वारदात में शामिल दो झपटमारों को गिरफ्तार किया है।क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने थाना मुजेसर क्षेत्र में यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नफीश और राशिद, निवासी गांव गोच्छी मुजेसर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। दोनों को 26 फरवरी को गिरफ्तार किया गया।

शिकायतकर्ता रितेश, निवासी सिकरी, ने थाना मुजेसर में दी शिकायत में बताया कि 9 फरवरी को वह पंजाब रोलिंग चौक, सेक्टर-23 फरीदाबाद पर खड़ा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने उसका मोबाइल फोन छीना और मौके से फरार हो गए। इस संबंध में थाना मुजेसर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशा करने के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने यह वारदात की। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नफीश पर पहले से 5 और राशिद पर 2 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।