March 7, 2026

गणित के डर पर भारी पड़ी मेहनत: परीक्षा देकर निकले छात्रों के खिले चेहरे

Faridabad/Alive News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) की कक्षा 10वीं की परीक्षाएं आज से शुरू हो गईं। पहले ही दिन सबसे कठिन माने जाने वाले गणित के पेपर के साथ परीक्षाओं की शुरुआत हुई। परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलते छात्रों के चेहरों पर आसान प्रश्नो की मुस्कान और राहत साफ देखी गई। अधिकतर छात्रों ने बताया कि पहला पेपर उम्मीद से कहीं ज्यादा बेहतर रहा।

विद्यार्थियों ने “38 के 38 सवाल किए हल, नहीं रहा कोई डर”
​एनआईटी- 5 के राजकीय आदर्श माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर जब विद्यार्थी बाहर आये तो उनके चेहरे पर काफी उत्साह था। छात्र तरुण ने गर्व से बताया कि “मेरा स्टैंडर्ड मैथ का पेपर था और मैंने पूरे 38 सवाल हल किए हैं।” वहीं सचिन ने कहा कि “जब डेटशीट आई तो शुरुआत में बहुत डर लग रहा था कि पहला ही पेपर मैथ का है तो कैसा जाएगा, लेकिन आज परीक्षा केंद्र के अंदर जाकर जब प्रश्न पत्र देखा तो सब आसान लगा।”

तैयारी और प्री-बोर्ड ने दिखाई राह
​छात्रा कल्पना ने बताया कि परीक्षा से पहले वह काफी ‘स्ट्रेस’ (तनाव) में थीं, लेकिन पेपर ‘एवरेज’ और आसान था। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय प्री-बोर्ड परीक्षाओं को दिया। छात्रा कल्पना के अनुसार, “प्री-बोर्ड में उनके 80 में से 75 अंक आए थे, जिससे उनका कॉन्फिडेंस बढ़ गया था और आज का पेपर भी शानदार गया।”

कुछ के लिए उलझी रही गणित की गुत्थी
​जहां ज्यादातर छात्र खुश थे, वहीं कुछ छात्रों के लिए पहला पेपर थोड़ा निराशाजनक भी रहा। एक छात्र ने बताया कि उसने जो तैयारी की थी, उसमें से ज्यादा सवाल नहीं आए, जिससे उसे पास होने की चिंता सता रही है। हालांकि, छात्र प्रियांशु और बॉबी जैसे अधिकांश विद्यार्थियों ने समय पर पेपर पूरा होने और अच्छे नंबर आने की उम्मीद जताई।

शिक्षकों के मार्गदर्शन का दिखा असर
​विद्यार्थियों ने बताया कि शिक्षकों द्वारा क्लास में करवाया गया सिलेबस ही पेपर में आया है। कुछ सवाल थोड़े घुमावदार जरूर थे, लेकिन सिलेबस से बाहर कुछ नहीं था।

पहले ही दिन गणित जैसे विषय का पेपर अच्छा जाने से अब छात्र अगले विषयों की परीक्षाओं के लिए काफी उत्साहित और तनावमुक्त नजर आ रहे हैं।