September 15, 2026

स्वतंत्रता दिवस तक तीन चरणों में आयोजित होगा हर घर तिरंगा अभियान – डीसी

Faridabad/Alive News: केन्द्र सरकार ने आजादी का अमृत महोत्सव की श्रृंखला में लगातार चौथे वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान मनाया जा रहा है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 15 अगस्त 79वें स्वतंत्रता दिवस तक तीन चरणों में चलेगा। पहला चरण 8 अगस्त तक, दूसरा चरण 9 से 12 अगस्त तक तथा तीसरा चरण 13 से 15 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा।

डीसी विक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय और महानिदेशक सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा की ओर से हर घर तिरंगा अभियान गाइडलाइन जारी की गई हैं।

उन्होंने बताया कि पहले चरण में 8 अगस्त तक स्कूलों की दीवारों और बोर्ड को तिरंगे से प्रेरित कला से सजाया जाएगा। शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी भवनों आदि में प्रदर्शनियों का आयोजन होगा। तिरंगा राखी बनाने की कार्यशालाएं और प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ ही सैनिकों और पुलिसकर्मियों को ‘आभार पत्र’ लिखकर डाक विभाग के समन्वय से राखियां भेजी जाएंगी। सार्वजनिक स्थानों व बाजारों में तिरंगे रंगों को प्रदर्शित करने के लिए तिरंगे धागे युक्त ‘तिरंगा बुनाई और धागे’ की गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

दूसरे चरण में 9 से 12 अगस्त के बीच वृहद आयोजन होंगे। इस दौरान ‘तिरंगा महोत्सव’ के रूप में एक बड़ा आयोजन किया जाएगा। इसमें वृहद ‘तिरंगा मेला’ और ‘भव्य तिरंगा म्यूजिकल कन्सर्ट’ का आयोजन होगा। प्रदेश स्तरीय ‘तिरंगा महोत्सव’ का आयोजन किसी प्रमुख स्थल पर व्यापक जनभागीदारी के साथ होगा। तिरंगा महोत्सव आयोजित किए जाने वाले प्रमुख स्थल पर तिरंगा मेले का भी आयोजन होगा। तिरंगा मेला में तिरंगा प्रदर्शनी का भी आयोजन होगा। गृह विभाग, अर्धसैनिक बलों, एनसीसी, एनएसएस, सिविल डिफेंस, होमगार्ड एवं खेल विभाग के सहयोग से ‘तिरंगा बाइक तिरंगा साइकिल रैली’ का आयोजन किया जाएगा।

तीसरे चरण में 13 से 15 अगस्त के बीच सभी सरकारी भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों आदि पर ध्वजारोहण समारोह और तिरंगा प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। नागरिकों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर उसे वेबसाइट www.harghartiranga.com पर अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता और देशभक्ति की भावना को स्मरण करने के लिए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हर घर तिरंगा पहल का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की गहरी भावना जगाना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को बढ़ावा देना और राष्ट्रीय प्रतीकों के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में भाग लेने के लिए किया जाएगा प्रोत्साहित – डीसी
डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत सार्वजनिक उपक्रमों, स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों आदि के समस्त कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कॉरपोरेट एवं निजी संगठनों को भी सीएसआर संसाधनों सहित इस अभियान में भाग लेने और सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। जनसहभागिता से यह अभियान चलाया जाएगा। तिरंगे की बिक्री डाकघरों, उचित मूल्य दुकानों और पंचायत केंद्रों से होगी।