March 7, 2026

सूरजकुंड मेले में हैफेड के शुद्ध और हेल्दी उत्पाद बने पर्यटकों की पसंद

Faridabad/Alive News: 39वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव में जहां एक ओर देश-विदेश की कला और हस्तशिल्प लोगों को आकर्षित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हैफेड के शुद्ध और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य उत्पाद भी पर्यटकों की खास पसंद बनते जा रहे हैं। मेला परिसर में गेट नंबर-3 के पास लगा हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति एवं विपणन संघ (हैफेड) का स्टॉल दिनभर लोगों से भरा नजर आ रहा है।

हैफेड स्टॉल पर खास तौर पर ज्वार-तिल बिस्किटऔर बाजरा-जीरा बिस्कुट को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता के चलते मिलेट्स से बने ये बिस्किट स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद माने जा रहे हैं। यही वजह है कि पर्यटक इन उत्पादों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं।

हैफेड के मार्केटिंग ऑफिसर शुभम शर्मा ने बताया कि उनके स्टॉल पर ज्वार-तिल बिस्किट, बाजरा-जीरा बिस्कुट, चना फ्लेक्ससीड, मामरा बादाम, स्नो व्हाइट अखरोट, किकर शहद और मल्टीफ्लोरा हनी जैसे कई शुद्ध और पौष्टिक उत्पाद उपलब्ध हैं। उचित दाम और अच्छी गुणवत्ता के कारण इन उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि हैफेड की पहचान शुद्धता और भरोसे से जुड़ी है। हैफेड एक सरकारी संस्था है, जो किसानों से सीधे उत्पाद खरीदकर बिना मिलावट के खाद्य सामग्री आम लोगों तक पहुंचाती है। इससे किसानों और उपभोक्ताओं दोनों का भरोसा मजबूत हो रहा है।

सूरजकुंड मेले में हैफेड की मौजूदगी से पर्यटकों को एक ही जगह पर शुद्ध और स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद मिल रहे हैं। 15 फरवरी तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय शिल्प महोत्सव में हैफेड आत्मनिर्भर भारत की सोच को आगे बढ़ाते हुए अपनी अहम भूमिका निभा रहा है।