June 6, 2026

फरीदाबाद: ऐतिहासिक धरोहर संरक्षण अभियान को गंभीरता से लें अधिकारी, डीसी आयुष सिन्हा ने दिए निर्देश

Faridabad/Alive News : हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ के तहत राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान को लेकर एक अहम समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में ऐतिहासिक महत्व के पुराने दस्तावेजों, पांडुलिपियों, हस्तलिखित अभिलेखों तथा पारंपरिक रिकॉर्ड के संरक्षण एवं डिजिटलीकरण कार्य में तेजी लाई जाए।

मुख्य सचिव के निर्देशों के बाद उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने जिला अधिकारियों को इस अभियान को पूरी गंभीरता से लेने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।

फरीदाबाद में 160 सर्वेयर्स की टीम संभाल रही कमान
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान डीसी आयुष सिन्हा ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि फरीदाबाद जिले में लगभग 160 सर्वेयर्स की टीम इस कार्य में पूरी तरह सक्रिय है। ब्लॉक और जिला स्तर पर लगातार बैठकें आयोजित कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले के कई गांवों से पुराने दस्तावेज एवं पांडुलिपियां प्राप्त हुई हैं, जिन्हें संबंधित पोर्टल पर अपलोड भी कर दिया गया है।

40-50 साल पुराना रिकॉर्ड भी होगा बेहद उपयोगी : डीसी
डीसी आयुष सिन्हा ने अधिकारियों और सर्वेयर्स को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा, सभी संबंधित विभाग, पंचायतें, विद्यालय एवं संस्थाएं अपने पास उपलब्ध पुराने रिकॉर्ड की सूची तैयार कर उन्हें अपलोड करें।

किसी भी प्रकार का 40 से 50 वर्ष पुराना हस्तलिखित रिकॉर्ड, स्कूल नोटबुक, पुराने पत्राचार, पंचायत कार्यवाही पुस्तिकाएं या ऐतिहासिक महत्व का लेखन बेहद उपयोगी माना जाएगा। अधिकारी इस कार्य को केवल एक औपचारिकता न मानें, बल्कि इसे जिले की ऐतिहासिक धरोहर को सहेजने का एक पावन अभियान समझकर जिम्मेदारी से काम करें।

आमजन वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए दे सकते हैं जानकारी
डीसी आयुष सिन्हा ने आम जनता से भी इस मुहिम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि नागरिक अपने पास सुरक्षित पुरानी पांडुलिपियों या दस्तावेजों की जानकारी सेक्टर-12 लघु सचिवालय स्थित एडीसी कार्यालय में दे सकते हैं। इसके अलावा वे सीधे ज्ञान भारतम् वेबसाइट या ज्ञान भारतम् मोबाइल ऐप के माध्यम से भी इसे ऑनलाइन साझा कर सकते हैं।

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, सीईओ जिला परिषद शिखा सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी, शैक्षणिक संस्थानों व अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।