Gurugram/Alive News: हरियाणा सरकार के निर्देश और डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नियमित रूप से समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को स्थानीय स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम हितेंद्र कुमार ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों के समयबद्ध निपटारे के कड़े निर्देश दिए।
एक ही छत के नीचे मिल रहा समाधान:एसडीएम हितेंद्र कुमार ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का सरल और त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है। सोमवार को आयोजित इस शिविर में बिजली, पानी, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) और बुढ़ापा सम्मान भत्ता पेंशन से जुड़े विभिन्न मामले प्रमुखता से सामने आए।
शिविर के दौरान कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए अधिकांश शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया। वहीं, शेष बची शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर तय समय सीमा के भीतर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई है कि जिला एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एक साथ बैठकर जनता की समस्याएं सुनते हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त सपना यादव सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

