March 7, 2026

गुरुग्राम में बच्ची की हत्या में तंत्र-मंत्र का शक: पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा, सिर और पैर मिले, धड़ अभी भी लापता

Gurugram/Alive News: गुरुग्राम में KMP एक्सप्रेसवे के पास झाड़ियों में एक बच्ची के शरीर के हिस्से मिलने के बाद पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाया। रिपोर्ट में पता चला कि उसकी हत्या 16 या 17 नवंबर को की गई थी, यानी शव मिलने से करीब 48 से 60 घंटे पहले।

पुलिस को घटनास्थल से बच्ची का सिर, एक पैर, पास में कटे बालों का गुच्छा और उसकी फ्रॉक मिली है। बच्ची की उम्र लगभग 6 से 8 साल बताई जा रही है। सिर पर कोई बाहरी चोट नहीं थी, लेकिन गले की हड्डियां गायब हैं और धड़ अभी तक नहीं मिला।

फ्रॉक पर कोई टैग नहीं था, लेकिन उसका साइज भी 6-8 साल की बच्ची का ही था। पैर की उंगलियों पर हल्की नेल पॉलिश भी मिली। पुलिस ने डीएनए सैंपल ले लिए हैं और आसपास के थानों से लापता बच्चों की जानकारी खंगाली जा रही है।

पुलिस को तंत्र-मंत्र वाली हत्या का शक क्यों?
• कटे बाल अलग मिले: सिर से लगभग 100 कदम दूर बालों का साफ-सुथरा गुच्छा मिला, जैसे कैंची से काटे गए हों। तांत्रिक प्रथाओं में बलि के बाद बाल काटकर अलग रखने की मान्यता होती है।
• शव के टुकड़े और धड़ गायब: केवल सिर और एक पैर मिला है। कई तांत्रिक अनुष्ठानों में माना जाता है कि धड़ में “शक्ति” होती है, इसलिए उसे अलग ले जाया या नष्ट किया जाता है।
• पहले भी ऐसे मामले: पिछले 10-15 सालों में नूंह, तावड़ू, पुन्हाना, फिरोजपुर झिरका और राजस्थान बॉर्डर पर बच्चों की बलि जैसे कई मामले सामने आ चुके हैं।

पुलिस की जांच
जांच अधिकारी रमेश गुलिया के मुताबिक, यह हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई है। तंत्र-मंत्र की तरफ इसलिए शक ज्यादा है क्योंकि बाल काटना और शरीर को अलग-अलग फेंकना ऐसे ही मामलों में देखा गया है। पुलिस ने गुरुग्राम, नूंह और राजस्थान के अलवर-भरतपुर इलाके के 50 से ज्यादा तांत्रिकों और ओझाओं की सूची तैयार की है। कई को पूछताछ के लिए पकड़ा भी गया है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्ची की पहचान या संदिग्धों के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को बताएं, ताकि कातिल तक जल्द पहुंचा जा सके।