November 11, 2026

गुरुग्राम की फैक्ट्री में केमिकल टैंक में जहरीली गैस हादसे में 3 कर्मचारियों की मौत, मृतकों में बिहार के दो युवक शामिल

Gurugram/Alive News: गुरुग्राम के भौंडसी थाना क्षेत्र के जेल रोड पर स्थित संधार कंपनी में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। कंपनी में काम करने के दौरान तीन कर्मचारी अचानक अनियंत्रित होकर केमिकल टैंक में मौजूद जहरीली गैस (लिथियम/रसायन) की चपेट में आ गए। टैंक से निकली जहरीली गैस के प्रभाव में आने से तीनों वर्कर मौके पर ही बेहोश हो गए।​

हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों ने आनन-फानन में तीनों को टैंक से बाहर निकाला और इलाज के लिए पास के एकता हॉस्पिटल, बादशाहपुर पहुंचया। हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें पार्क अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई।​

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान मुजफ्फरपुर (बिहार) निवासी आरीफ (उम्र 21), नवादा (बिहार) निवासी अनिल झा (उम्र 20) और बादशाहपुर निवासी नरेश कुमार (उम्र 50) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही भौंडसी थाना पुलिस ने मौके का मुआयना किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह भिजवा दिया। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की गहनता से जाँच कर रही है।