May 6, 2024

जालंधर आप पार्टी विधायक के गनमैन की गोली लगने से हुई मौत

Chandigarh/Alive News : जालंधर वेस्ट से आप विधायक शीतल अंगुराल के गनमैन की गुरुवार सुबह गोली लगने से मौत हो गई है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि गनमैन ने आत्महत्या की है। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। मामले की जांच की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार विधायक शीतल अंगुराल के साथ बतौर गनमैन तैनात पवन वासी महितपुर पिछले कई दिनों से ड्यूटी पर नहीं आया था। उसकी कुछ दिनों पहले ही शादी हुई थी। गुरुवार सुबह ही वह ड्यूटी पर आया और फिर उसने अपने क्वार्टर में ही खुद को गोली मार ली।

जानकारी के अनुसार सुबह विधायक शीतल अंगुराल को शहर में किसी कार्यक्रम में जाना था। लेकिन पवन उनके साथ नहीं गया था। विधायक शीतल अंगुराल अन्य सुरक्षाकर्मियों के साथ चले गए। इसी बीच पवन ने खुद को गोली मार कर अपनी जान दे दी। गनमैन का परिवार में विवादों में चल रहा था। जिस वजह से वह परेशान था और कुछ दिनों से ड्यूटी पर भी नहीं आया था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच के बाद ही घटना के सही कारण का पता चल पाएगा।