April 27, 2024

गार्ड ने लड़की से किया अभद्र व्यवहार, गिरफ्तार करने से पहले हुआ फरार

Mumbai : रेलवे की ओर से महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाने के बावजूद भी ट्रेनों में छेड़छाड़ की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। चाहे बात दिल्ली की करें या मुंबई की, महिलाएं खुद को कहीं भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। अब ऐसा ही एक मामला मुंबई से भी आया है। मुंबई में लोकल ट्रेन के गार्ड पर 19 वर्षीय लड़की के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी को इसलिए टाल दिया था क्योंकि इससे यात्रियों को असुविधा हो सकती थी। पुलिस उसकी ड्यूटी खत्म होने के बाद उसे पकड़ने ही वाली थी कि वो फरार हो गया।

कर रहा था अश्लील इशारे

यह घटना घनसोली रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर हुई। जब लड़की ने अपने घर वापस जाने के लिए ट्रेन ली। पीड़िता पनवेल के एक कॉलेज की फर्स्ट ईयर की छात्रा है। उसने थाणे से शाम 4:14 पर कोपरखैणे जाने के लिए ट्रेन ली। जहां वह अपने माता पिता के साथ रहती है।

वह ट्रेन के सेकेंड कंपार्टमेंट में चढ़ी जो कि गार्ड के केबिन के ही पास था। वह कोपरखैणे पर किसी कारणवश नहीं उतर पाई और घंसोली स्टेशन पर उतरी। जब वह ट्रेन से उतरने वाली थी तब गार्ड के केबिन से गुजरी। केबिन से गुजरते वक्त उसने एक आवाज सुनी थी। सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) को दिए गए अपने बयान में लड़की ने कहा कि गार्ड, एके सिन्हा अपनी तरफ उसका ध्यान आकर्षित करने के लिए आवाज कर रहा था। फिर जब उसने गार्ड की तरफ देखा तो वह उसकी ओर अश्लील इशारे करने लगा।