March 12, 2026

डी.ए.वी में आनंद स्वामी जैसे महापुरुषों ने सींचा आर्य समाज

Faridabad/Alive News: आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि उपसभा, हरियाणा के तत्वावधान में समस्त आर्य समाजों, आर्य युवा समाजों, डी.ए.वी. विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में 2 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक वैदिक संस्कार पुण्यमास बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया जा रहा है।

इसी श्रृंखला के अंतर्गत डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद के वाणिज्य विभाग द्वारा एक यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभाग के सभी प्राध्यापक एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

यज्ञब्रह्म एवं कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अमित शर्मा ने यज्ञ उपरांत अपने संबोधन में कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती द्वारा लगाए गए आर्य समाज रूपी वृक्ष को उनके बाद महापुरुष आनंद स्वामी जैसे समाज सुधारकों ने अपने त्याग और सेवा भाव से सींचा है। उन्होंने शिक्षा, धर्म और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे समाज में नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार हुआ। डॉ. शर्मा ने कहा कि आनंद स्वामी के मार्गदर्शन में आर्य समाज ने न केवल धार्मिक चेतना को पुनर्जीवित किया, बल्कि सामाजिक सुधार की दिशा में भी प्रेरणादायक कदम उठाए।

इस अवसर पर मैडम सुनीता डुडेजा, नीति नागर, मीनाक्षी आहूजा, गार्गी शर्मा, हार्दिक मल्होत्रा, एवं अनुज सहित विभाग के सभी प्राध्यापक उपस्थित रहे।