March 7, 2026

फरीदाबाद के तीन मुख्य रास्तों पर बनेंगे भव्य गेटवे, शहर की बदलेगी तस्वीर

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद आने वाले लोगों को जल्द ही शहर में प्रवेश करते ही बदला हुआ माहौल देखने को मिलेगा। नगर निगम शहर के तीन प्रमुख प्रवेश मार्गों पर आकर्षक गेटवे (प्रवेश द्वार) बनाने की तैयारी कर रहा है। इन गेटवे के आसपास हरियाली और सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा, ताकि शहर की पहली झलक साफ-सुथरी और सुंदर नजर आए।

इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए नगर निगम ने डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) और फील्ड सर्वे का काम एक निजी एजेंसी को सौंप दिया है। अधिकारियों के अनुसार, तय समय में सर्वे पूरा होने के बाद अगले एक से डेढ़ महीने में निर्माण से जुड़ा टेंडर जारी किया जाएगा।

इन तीन जगहों पर बनेंगे गेटवे:

  • गुरुग्राम से फरीदाबाद आने वाले मार्ग पर सैनिक कॉलोनी रोड
  • दिल्ली से आने वाले बदरपुर बॉर्डर पर
  • पलवल की ओर से आने वाले सीकरी रोड पर

इन तीनों प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर फिलहाल कोई प्रवेश द्वार नहीं है। खासकर सैनिक कॉलोनी क्षेत्र में शहर में घुसते ही लोगों को गंदगी और अव्यवस्था का सामना करना पड़ता है।

नगर निगम का मानना है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा जैसे शहर पहले ही अपने प्रवेश द्वार बनाकर अलग पहचान बना चुके हैं, ऐसे में फरीदाबाद को भी सुंदर और व्यवस्थित रूप देना जरूरी है।

पुरानी योजना को मिलेगा नया रूप:
नगर निगम पहले भी गेटवे बनाने की योजना बना चुका है, लेकिन वह पूरी नहीं हो सकी। इस बार प्रवेश द्वारों के साथ सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे, जिन पर फरीदाबाद की औद्योगिक पहचान और विकास से जुड़ी जानकारियां दिखाई जाएंगी।

नगर निगम के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर महेंद्र कुमार ने बताया कि दिल्ली और गुरुग्राम से फरीदाबाद में प्रवेश करते ही लोगों को साफ-सुथरा और बदला हुआ शहर नजर आएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और निजी एजेंसी को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।