March 7, 2026

माता जी चौक पर छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती का भव्य आयोजन

Faridabad/Alive News: महाराष्ट्र मित्र मंडल द्वारा माता जी चौक पर छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंडल के कार्यकर्ताओं ने राजमाता जीजाबाई एवं बाल शिवाजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र पांचाल ने शिवाजी महाराज के जीवन, शौर्य और राष्ट्रप्रेम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिवाजी महाराज केवल एक महान शासक ही नहीं बल्कि राष्ट्र की आत्मा थे, जिन्होंने स्वराज्य की मजबूत नींव रखी। उन्होंने बताया कि शिवाजी महाराज का जन्म 19 फरवरी 1627 को शिवनेरी किला में हुआ था। माता जीजाबाई ने उन्हें धर्म, संस्कृति और वीरता के संस्कार दिए, जबकि दादा कोणदेव ने उन्हें युद्धकला में पारंगत बनाया।

उन्होंने आगे कहा कि युवावस्था में ही शिवाजी महाराज ने कई किलों पर विजय प्राप्त कर दक्षिण भारत में अपना पराक्रम स्थापित किया। अफजल खान वध और बीजापुर के शासकों से संघर्ष जैसी ऐतिहासिक घटनाओं ने उन्हें महान राष्ट्रपुरुष के रूप में स्थापित किया। उनका जीवन स्वराज्य, साहस और नीति का अद्वितीय उदाहरण है।

कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने शिवाजी महाराज के आदर्शों को याद करते हुए उन्हें अमर स्वतंत्रता सेनानी एवं राष्ट्रनायक के रूप में श्रद्धांजलि दी। मंडल ने इस आयोजन के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को शिवाजी महाराज के आदर्शों से जोड़ने का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र पांचाल, यशवंत पांचाल, लक्ष्मण पांचाल, दीपक जोशी, श्रीकांत चासकर, विमल खंडेलवाल, सुरेखा भारद्वाज, भावना पांचाल, किरण, सचिन, तेजस, पोर्णिमा पांचाल, उत्तम कुमार, रोहित सहित मंडल के सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।