March 11, 2026

हरियाणा को हरा-भरा, स्वच्छ और समृद्ध बनाने के लिए सरकार कटिबद्ध : नायब सिंह सैनी

Faridabad/Alive News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज गुरुवार को फरीदाबाद में मेगा पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और प्रदेश सरकार हरियाणा को हरा-भरा, स्वच्छ और समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। सेक्टर-9 स्थित हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ग्रीन बेल्ट में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरित जैव-विविधता कॉरिडोर में पौधों के साथ “बर्ड्स ऑफ ग्रीन कॉरिडोर” भी विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “पेड़ सिर्फ लकड़ी का स्रोत नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। यह अभियान हमारी भावी पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और स्वच्छ परिवेश का निर्माण करेगा।”

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 जून 2024 को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत की थी। इसके पहले चरण में हरियाणा में 1 करोड़ 60 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य था, लेकिन प्रदेश ने इससे अधिक 1 करोड़ 87 लाख पौधे लगाकर उपलब्धि हासिल की। वर्तमान चरण में भी 1 करोड़ 60 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है, जिनमें से अब तक 1 करोड़ 95 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फरीदाबाद प्रदेश की आर्थिक धुरी है, लेकिन तेजी से हो रहे विकास के बीच अब समय आ गया है कि हम प्रकृति को कृतज्ञता पूर्वक लौटाएं। उन्होंने दक्षिण हरियाणा में लागू “हरित अरावली कार्य योजना” का भी उल्लेख किया और बताया कि प्रदेश में 56 हर्बल पार्क, 4 नगर वन और 18 ऑक्सी वन स्थापित किए गए हैं।

कार्यक्रम में विपुल गोयल ने कहा कि “नमो वन कार्यक्रम” प्रधानमंत्री मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को समर्पित है। उन्होंने बताया कि इस महाअभियान के तहत 3.50 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे और आने वाले समय में जिले की ग्रीन बेल्ट में 20 लाख से अधिक पौधे रोपित कर इसे “ऑक्सीजन चैंबर” के रूप में विकसित किया जाएगा।

राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि फरीदाबाद में आयोजित यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

इस अवसर पर विधायक मूलचंद शर्मा, मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज रामपाल, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे