May 20, 2024

चार अगस्त तक हरियाणा के इन जिलों में हो सकती है अच्छी बारिश

Chandigarh/Alive News : मानसून की टर्फ रेखा उत्तर में क्षेत्र की ओर खिसकने से हरियाणा प्रदेश के उत्तरी जिलों में 4 अगस्त तक मध्यम बारिश होगी। कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार इसके बाद टर्फ रेखा राजस्थान की तरफ खिसकेगी, जिससे बारिश की गतिविधियां में फिर से बदलाव आएगा।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को मानसून टर्फ रेखा पंजाब के फरीदकोट से रोहतक, मोदीनगर, कुशीनगर, अगरतला होते हुए बंगाल की खाड़ी तक गई हुई है। साथ ही साथ बंगाल की खाड़ी पर एक चक्रवातीय हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

इसके असर से अगस्त के पहले सप्ताह में उत्तरी हरियाणा के जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, सिरसा व फतेहाबाद में ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर तीव्र और मूसलाधार बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेगी।