March 7, 2026

चार महीने बाद कबाड़ से मिला डेढ़ लाख का सोना

Faridabad/Alive News: सेक्टर-3 भगत सिंह कॉलोनी निवासी स्क्रैप डीलर हाजी अख्तर ने ईमानदारी की अनूठी मिसाल पेश करते हुए कबाड़ में मिले करीब 1.5 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने उनके असली मालिक को लौटा दिए। इस घटना की शहर में खूब चर्चा हो रही है। एसीपी बल्लभगढ़ जीतेश मल्होत्रा ने भी उनकी सराहना करते हुए लोगों से उनसे प्रेरणा लेने की अपील की।

चोरी से बचाने के लिए कबाड़ में छिपाया था सोना

सेक्टर-3 निवासी एलआईसी एजेंट अशोक शर्मा जनवरी 2025 में परिवार सहित प्रयागराज महाकुंभ मेले में गए थे। घर खाली रहने के कारण उन्होंने चोरी से बचाने के लिए सोने की ज्वेलरी एक पुराने डिब्बे में रखकर करीब 100 ग्राम कबाड़ के बोरे में छिपा दी। मेले से लौटने के बाद वह ज्वेलरी वहीं रखना भूल गए।

दीवाली की सफाई के दौरान उन्होंने वही कबाड़ हाजी अख्तर को बेच दिया, जिसमें गहनों से भरा डिब्बा भी चला गया। बाद में लक्ष्मी पूजा के समय ज्वेलरी की जरूरत पड़ने पर उन्हें गलती का एहसास हुआ। उन्होंने हाजी अख्तर से संपर्क किया, लेकिन काफी तलाश के बावजूद डिब्बा नहीं मिला और परिवार ने उम्मीद छोड़ दी।

चार महीने बाद मिला ज्वेलरी बॉक्स

करीब चार महीने बाद हाजी अख्तर जब गोदाम में रखा कबाड़ ट्रक में लोड कर रहे थे, तभी एक डिब्बे से आवाज सुनाई दी। खोलने पर उसमें सोने की ज्वेलरी मिली। उन्हें तुरंत अशोक शर्मा की बात याद आई और उन्होंने दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया।

इसके बाद एसीपी जीतेश मल्होत्रा की मौजूदगी में हाजी अख्तर ने गहने अशोक शर्मा और उनकी पत्नी को सुरक्षित लौटा दिए। गहने वापस मिलने पर परिवार बेहद भावुक हो गया।

“ईमानदारी ही सबसे बड़ी पूंजी”

हाजी अख्तर ने बताया कि वह लगभग 50 वर्ष पहले खाली हाथ फरीदाबाद आए थे और मेहनत व ईमानदारी से आज अपना कारोबार खड़ा किया है। उनका कहना है कि यही संस्कार उन्हें हमेशा सही रास्ता अपनाने की प्रेरणा देते हैं।