April 28, 2024

गणेश उत्सव के तीसरे दिन मंदिर और पंडालों में हुई गणेश आराधना

Faridabad/Alive News: वीरवार को शहर भर के मंदिर और पंडालों में गणेश उत्सव पर गणेश आराधना की गई। शहर के विभिन्न मंदिर और सजे पूजा पंडालों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं के दर्शन और पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा है। इन पंडालों में हर रोज गणेश की आराधना जारी है। गणेश पूजा के लिए शहर का पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ है।

एनआईटी-एक स्थित गीता मंदिर में भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई है। यहां गणेश आराधना के लिए बड़ी संख्या में लोग हिस्सा ले रहे है। यहां शुक्रवार को बच्चों की चित्रकला और विविध गुण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा एसआरएस रॉयल हिल्स में लोग घरों में उत्साह पूर्वक गणपति पूजन कर रहे है।आरपीएस ओरिया, पाम, ओमेक्स स्पा और खत्री वाडा में लोग विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर गणपति की पूजा अर्चना बड़े धूमधाम से कर रहे हैं।

वहीं, महाराष्ट्र मित्र मंडल की ओर से गांधी कॉलोनी में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यहां बुधवार को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। गुरुवार को चित्रकला प्रतियोगिता और मैजिक शो का आयोजन किया जा रहा है। गणेश उत्सव का यह कार्यक्रम मराठा समाज द्वारा अगले आठ दिनों तक लगातार आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रधान राजेन्द्र पांचाल ने स्वर साधना ग्रुप के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।