May 21, 2024

देशभर में गणेश चतुर्थी की धूम, पंडालों और घरों में विराजे गजानन

Faridabad/Alive News: गणेश चतुर्थी पर बुधवार को भगवान गणेश की प्रतिमाओं की धूमधाम से स्थापना की गई। घर-घर के अलावा सार्वजनिक पंडालों पर गणेशोत्सव समितियों ने बैंड-बाजे के साथ प्रतिमाओं को स्थापित किया। इस दौरान गणपति बप्पा मोरिया के जयकारे गूंजते रहे। अगले 10 दिन तक गणेशोत्सव की धूम रहेगी। इस दौरान 10 दिनों तक सांस्कृतिक-धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

महाराष्ट्र मित्र मंडल की ओर से गांधी कॉलोनी में गणपति बप्पा की प्रतिमा सुबह 11 बजे स्थापित की गई। प्रतिमा स्थापना के बाद भव्य पूजा अर्चना की गई। पंडाल को इस बार आजादी के अमृत महोत्सव के रंग में रंगा गया है। पूजा के बाद लोगों ने बप्पा की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंडल की ओर से यहां करीब तीन फुट के गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित की गई है। महाराष्ट्र मित्र मंडल के मुताबिक मूर्ति पूरी तरह मिट्टी से बनी है, जिससे प्रकुति को किसी भी प्रकार से कोई नुकसान नहीं होगा। पांच दिन बाद मूर्ति का विसर्जन किया जाएगा।