May 1, 2024

“तरुण निकेतन विद्यालय में मनाया गया गांधी जयंती का कार्यक्रम”

Faridabad/Alive News : प्रतिवर्ष 2 अक्टूबर का दिन ‘गांधी जयंती’ के रूप में मनाया जाता है। महात्मा गांधी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के एक छोटे से गांव पोरबंदर में हुआ था। इसी उपलक्ष में देश भर में इस दिन को गांधी जयंती के रूप में मनाते हैं।
इसी उपलक्ष में तरुण निकेतन विद्यालय में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रधानाचार्या रंजना सोबती ने दीप जलाकर तथा पुष्प अर्पित कर महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी। प्रधानाचार्या रंजना सोबती, पी.एल.सिंह, अध्यापक गण तथा सभी बच्चों ने हाथ जोड़कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। छोटे-छोटे विद्यार्थियों ने गांधी जी की वेशभूषा धारण करके छात्रों को इस दिन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। कई विद्यार्थियों द्वारा गांधी पर आधारित कविताओं का पाठ किया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा अनेक रंगारंग कार्यक्रमों का प्रस्तुतीकरण किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया। प्रधानाचार्या ने बच्चों को संबोधन करके छात्रों को इस दिन का महत्व बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक साथ राष्ट्रीय गान सस्वर लय में गाया तथा जय हिंद के नारे के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।