March 7, 2026

यूपीएचसी या यूएएएम केंद्रों पर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध

Faridabad/Alive News: जिला फरीदाबाद (शहरी) क्षेत्र में नागरिकों को सुलभ, सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से सभी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं यूएएएम केंद्रों पर व्यापक निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नागरिक अपने नजदीकी केंद्र पर जाकर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने दी।

उन्होंने बताया कि सभी यूपीएचसी एवं यूएएएम केंद्र सोमवार से शुक्रवार प्रातः दस बजे से सायं छह बजे तक तथा शनिवार को प्रातः दस बजे से दोपहर दो बजे तक संचालित रहते हैं। प्रत्येक मंगलवार एवं गुरुवार को गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, प्रत्येक सोमवार को विशेषज्ञ सेवाएं एवं वरिष्ठ नागरिक क्लिनिक तथा प्रत्येक शुक्रवार को एनसीडी सेवाएं प्रदान की जाती हैं।

केंद्रों पर बीपी, हीमोग्लोबिन, ओजीटीटी, ऊंचाई, वजन सहित अन्य जांचें एवं आवश्यक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध हैं। गर्भवती महिलाओं को प्रसव के बाद 45 दिन तक निःशुल्क एंबुलेंस सुविधा भी दी जा रही है।

टीकाकरण अधिकारी डॉ. रचना ने बताया कि प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार को नियमित टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाते हैं। पीएमएसएमए दिवस प्रत्येक माह की 9, 10, 23 तारीख एवं अंतिम कार्यदिवस को मनाया जाता है, जिसमें गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच की जाती है। विभिन्न केंद्रों पर दंत, बालरोग एवं स्त्रीरोग विशेषज्ञ सेवाएं भी उपलब्ध हैं।

सीएमओ ने आमजन से अपील की है कि वे अपने निकटतम यूपीएचसी या यूएएएम केंद्र पर जाकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।