Faridabad/Alive News: साइबर थाना NIT पुलिस ने इन्वेस्टमेंट प्लेटफार्म के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक खाताधारक को उत्तर प्रदेश के बदायूं से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रिसाल गुप्ता निवासी आगरा, हाल निवासी गांव सिसौरा, बदायूं के रूप में हुई है। आरोपी बदायूं में कार ड्राइवर का काम करता है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जवाहर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी कि उसके पास एक अंजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को Apick Prime इन्वेस्टमेंट प्लेटफार्म से जुड़ा बताया और निवेश पर मोटा मुनाफा देने का लालच दिया।
ठगों ने शिकायतकर्ता के मोबाइल में Apick Prime ऐप डाउनलोड करवाई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए बताए गए बैंक खातों में कुल 4 लाख 49 हजार रुपये निवेश कर दिए। पैसे जमा कराने के बाद उसे कोई रकम वापस नहीं मिली।
शिकायत मिलने पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी रिसाल गुप्ता ने अपना बैंक खाता खुलवाकर साइबर ठगों को इस्तेमाल करने के लिए दिया था। उसके खाते में ठगी से जुड़े 49 हजार रुपये आए थे।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

