June 13, 2026

फर्जी लिंक से पानी का बिल भरवाने के नाम पर साढ़े तीन लाख की ठगी, खाता ऑपरेटर गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने पानी का बिल भरने के नाम पर हुई ठगी के मामले में एक खाता ऑपरेटर को गिरफ्तार किया है।

सेक्टर-17 निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी कि उसके पास एक मैसेज आया, जिसमें लिखा था कि पिछले छह महीने का पानी का बिल नहीं भरा गया है, इसलिए पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। संदेश में डीयूएलबी अधिकारी से बात करने के लिए एक नंबर भी दिया गया था।

शिकायतकर्ता ने नंबर पर कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। थोड़ी देर बाद उसे व्हाट्सऐप कॉल आया और फिर एक लिंक भेजा गया, जिसमें पानी का बिल अपडेट करने के लिए अपनी जानकारी भरने को कहा गया। पीड़ित ने लिंक में अपनी और क्रेडिट कार्ड की जानकारी भर दी, जिसके बाद उसके कार्ड से 3,49,878 रुपये कट गए।

शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झारखंड के देवघर जिले के बेडमुका गांव निवासी 25 वर्षीय लालू कुमार को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि आरोपी खातों का संचालन और ठगी के पैसों का हिसाब रखता था। इससे पहले इस मामले में गुलटन, पंकज और दीपक नाम के खाताधारकों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

आरोपी को अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।