March 10, 2026

ट्रेडिंग के नाम पर 25.67 लाख रुपये की ठगी, खाता उपलब्ध करवाने वाला गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ट्रेडिंग के नाम पर 25.67 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में खाता उपलब्ध करवाने वाला एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस्माइलपुर फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि फेसबुक पर सर्फिंग करते समय उसने ट्रेडिंग का एक विज्ञापन देखा। जिस पर क्लिक करते ही वह एक व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ गया। जहां से एक लिंक के जरिए ठगों ने उससे BlinkX  नाम की एप इंस्टॉल करवाकर शिकायतकर्ता का अकाउंट खोला। जिसके बाद उसने शेयर मार्केट में निवेश करने के लिए विभिन्न ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 25,67,000 रुपये ठगों द्वारा बताए अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए और जब उसने निवेश किए पैसे निकालने चाहे तो कोई पैसा नहीं निकाल पाया। जिस संबंध में साइबर थाना सेंट्रल में ठगी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सतेन्द्र (उम्र 42) वासी ग्राम अख्त्यारपुर, जिला बुलंदशहर, हाल अच्चेर, नजदीक परी चौक, ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में सामने आया कि सतेन्द्र ठगों के लिए खाता उपलब्ध करवाता था। आरोपी नोएडा में ड्राइवर का काम करता है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।