March 10, 2026

टेलीग्राम टास्क के माध्यम से ढाई लाख रुपये की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: टेलिग्राम टास्क के माध्यम से ठगी करने वाले एक आरोपी को साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर 88  निवासी एक व्यक्ति ने साइबर सेंट्रल पुलिस को दी शिकायत में बताया  कि उसके फोन के व्हाट्सएप पर अनजान नंबर से एक लिंक आया। जिसमें उसे बताया गया कि उनकी कंपनी सोशल मीडिया पर ब्लॉग और कंटेंट क्रिएटर के फॉलोवर व व्यूज बढ़ाने का काम करती है । जिसके लिए वह लोगों को हायर कर रहे है। जिसमें रिल्स देखकर पैसे कमाने का मौका दिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने शिकायतकर्ता को एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया, जहां टास्क के रूप में काम दिया जाने लगा। इसके बाद प्रीपेड टास्क के रूप में ठगों ने शिकायतकर्ता से कुछ पैसे खाते में जमा करने के लिए कहा। उनकी बात मान कर शिकायतकर्ता ने खाते में पैसे जमा कर दिए। जब शिकायतकर्ता के खाते में काफी पैसे जमा हो गए तो ठगों ने उसे डराया और धमकाया शुरू कर दिया। उन्होने  कहा कि अगर और पैसे नहीं दिये तो आपका खाता बन्द कर देगें और आपका सिबिल स्कोर खराब कर ब्लैक लिस्ट कर देंगे और आपको अपने जमा किये हुए पैसों से हाथ धोना पड़ेगा। इस प्रकार शिकायतकर्ता से ठगो ने 2,55,000 रुपये की  धोखाधड़ी कर ली। जिस पर साइबर थाना सेंट्रल में ठगी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
       
साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने कार्यवाही करते हुए जिला कपूरथला पंजाब अर्बन एस्टेट फगवाड़ा निवासी लवजीत(33) को गिरफ्तार किया।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खाताधारक है और पहले कपूरथला के एक प्राइवेट कॉलेज में कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता था। जहां उसकी मुलाकात वहीं पढनें वाले एक फिलीपींस छात्र से हुई थी। वह अपनी पढाई पूरी कर फिलीपींस लौट गया। कुछ समय बाद उस छात्र व लवजीत के बीच फेसबुक पर बातचीत होती है। जहां लवजीत ने फेसबुक पर अपना खाता छात्र को भेज दिया था। खाते में ठगी के कुल 50,000 रुपये आए थे।